पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर फेंका देसी बम, पांच भाजपाई घायल

 पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर फेंका देसी बम, पांच भाजपाई घायल
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी इलाके में भाजपा कार्यकर्ताओं पर देसी बम फेंके जाने की घटना में कम से कम पांच भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। यह हमला सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के कुछ घंटों बाद हुआ। पुलिस के अनुसार, घटना आधी रात के बाद पानीहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर-2 स्थित दत्ता रोड पर हुई। बताया जा रहा है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ता आम लोगों से बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे। चश्मदीदों के मुताबिक, बाइक पर आए चार लोगों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर बम फेंके। तीन बम फेंके गए, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए।इस हमले में पांच भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। घायलों को गंभीर हालत में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने के बाद खड़दहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। केंद्रीय बलों को भी तैनात किया गया। पुलिस ने हालात को नियंत्रण में लेकर इलाके में गश्त शुरू कर दी। पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। मध्यग्राम घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुवेंदु अधिकारी ने बमबारी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ”राज्य में पिछले 15 साल से बदले की राजनीति चल रही है। यह 15 साल के महा जंगलराज का नतीजा है। बीती रात खड़दहा में बमबारी हुई और बसीरहाट में भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारी गई। हिंसा के जिम्मेदार लोगों को छोड़ा नहीं जाएगा।”http://Politicaltrust.in