पॉश कॉलोनी ‘रॉयल सिटी’ में छापेमारी के दौरान सट्टा सिंडिकेट पकड़ा, नोट गिनने की मशीन मंगवाई

 पॉश कॉलोनी ‘रॉयल सिटी’ में छापेमारी के दौरान सट्टा सिंडिकेट पकड़ा, नोट गिनने की मशीन मंगवाई
Political Trust Magazine 
झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पुलिस ने अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ एक सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पॉश कॉलोनी ‘रॉयल सिटी’ में बीती देर रात पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। खुद एसपी सिटी प्रीति सिंह के नेतृत्व में हुई इस गोपनीय कार्रवाई ने शहर के सट्टा कारोबारियों के सिंडिकेट को हिलाकर रख दिया है।
छावनी में तब्दील हुई पॉश कॉलोनी
देर रात जब रॉयल सिटी के निवासी गहरी नींद में थे, तभी अचानक भारी पुलिस बल के साथ एसपी सिटी वहां पहुंचीं। पुलिस ने एलआईजी सेगमेंट के एक संदिग्ध फ्लैट को चारों तरफ से घेर लिया। सुरक्षा के मद्देनजर कॉलोनी के मुख्य गेट को तुरंत बंद कर दिया गया और बाहरी लोगों की आवाजाही पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई। अचानक हुए इस घटनाक्रम को देख पूरी कॉलोनी छावनी में तब्दील नजर आई, जिससे स्थानीय निवासियों में कौतूहल और दहशत का माहौल बन गया। घेराबंदी के बाद पुलिस ने चिन्हित फ्लैट के अंदर सघन तलाशी अभियान चलाया। मौके पर एक महिला मौजूद मिली, जिससे महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में गहन पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान फ्लैट के अंदर से भारी मात्रा में नकदी (कैश) बरामद हुई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक बरामद रकम का सटीक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन आधिकारिक सूत्रों का कहना है कि यह राशि काफी बड़ी है और रकम गिनने के िलए मशीन मंगाई गई है। पुलिस ने मौके से कई संदिग्ध दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी साक्ष्य के तौर पर कब्जे में लिए हैं। वहीं पुलिस ने भारी मात्रा में नकदी बरामद की है और नोट गिनने के लिए मशीनें मंगानी पड़ी है। इस मामले में भाजपा नेता आशीष उपाध्याय की गिरफ्तारी हुई है। बता दें कि कार्रवाई के दौरान में 5 घंटे तक रॉयल सिटी का मुख्य गेट सील रहा है और बाहरी लोगों की एंट्री पर पुलिस ने रोक लगाई है।  इस छापेमारी के बाद में पकड़े गए संदिग्धों से पुलिस पूछताछ करती रही है।