ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के बाद एक बार फिर से तनाव बढ़ा

 ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर के बाद एक बार फिर से तनाव बढ़ा
Political Trust Magazine 
नई दिल्ली। ईरान और अमेरिका के बीच दो हफ्ते के सीजफायर के बाद एक बार फिर से तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। दोनों देशों के बीच बीते 24 घंटे में हमलों का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। ईरान की ओर से संयुक्त अरब अमीरात पर किए गए हमले के बाद यूएई की ऑयल फैसिलिटी में भीषण आग लग गई है। यूएई के अधिकारियों ने बताया कि ईरान ने सोमवार को संयुक्त अरब अमीरात में टारगेट पर ड्रोन और रॉकेट हमले किए। यूएई के एयर डिफेंस ने 19 ईरानी मिसाइलों और ड्रोन को मार गिराया। हालांकि, फुजैराह ऑयल इंडस्ट्री जोन में ड्रोन हमले से बड़ी आग लगने के बाद तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए। इसके अलावा, अमेरिका ने दावा किया कि ईरान ने दक्षिण कोरिया के जहाज पर भी हमला किया है।
कोरियाई सरकार ने हमले की जांच का आदेश दिया है। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता के मुताबिक, सोमवार को होर्मुज स्ट्रेट में दक्षिण कोरिया से जुड़े एक जहाज में धमाका हुआ और आग लग गई। पनामा के झंडे वाले इस जहाज में 24 क्रू मेंबर थे, जिनमें छह दक्षिण कोरिया के थे। धमाका होने से पहले यह जहाज यूएई के पास स्ट्रेट पर डॉक किया गया था। मंत्रालय ने कहा कि धमाके और आग लगने की वजह का अभी पता नहीं चला है और सरकार नुकसान की डिटेल्स चेक कर रही है। मंत्रालय ने आगे कहा, “सरकार इस मामले पर संबंधित देशों से करीब से बातचीत करेगी और होर्मुज स्ट्रेट के अंदर हमारे जहाजों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएगी।” मिडिल ईस्ट में लड़ाई शुरू होने के बाद से दक्षिण कोरिया से जुड़े 26 जहाज स्ट्रेट में फंसे हुए हैं।