बाइक की भिड़ंत में घायलों को बचाने आए ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 8 की मौत

 बाइक की भिड़ंत में घायलों को बचाने आए ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, 8 की मौत
अंबेडकरनगर। जिले के जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर मार्ग पर अशरफपुर के पास देर रात करीब 12:30 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार लोग घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग उनकी मदद करने के लिए पहुंचे। लेकिन तेज रफ्तार कार ने मदद के लिए पहुंचे लोगों को टक्कर मार दी। इससे हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई। जिन लोगों को कार ने टक्कर मारी उनमें लालचंद्र निवासी पट्टी मुइथन जलालपुर, उत्तम निवासी सेमरा कटका, कैफी निवासी लोरपुर ताजन, राजू निवासी सिकंदरपुर सम्मनपुर सहित सम्मनपुर क्षेत्र के जैनापुर निवासी आदित्य व दिव्यांशु दोनों सगे भाई शामिल हैं। दोनों भाई एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जलालपुर गए थे। वापस लौटते समय हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर गाड़ी ने वहां मौजूद लोगों को टक्कर मार दी और इसके बाद गड्ढे में जाकर पलट गई थी। पिता मायाराम का हादसे के बाद से बुरा हाल है। वहीं अभी दो अन्य शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ जयवीर सिंह ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। अज्ञात शवों की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे में कटका के सेमरा निवासी उत्तम, सम्मनपुर के जैना निवासी आदित्य (25),  इसी गांव के छोटू उर्फ दिव्यांश (14), सम्मनपुर के सिकंदरपुर निवासी राजू गुप्ता (32), जलालपुर के पट्टी मोईन निवासी लालचंद (24), सैदापुर निवासी कैफे (32) सहित आठ लोगों की मौत हो गई।