बागपत में यूपी पुलिस की हिरासत में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
Political Trust Magazine
बागपत। जनपद के दोघट थाना क्षेत्र की भड़ल पुलिस चौकी में शनिवार देर शाम पुलिस हिरासत में एक 22 वर्षीय युवक रोहित राणा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है, जबकि परिजनों का सीधा आरोप है कि पुलिस ने प्रताड़ना के बाद उसकी हत्या कर फांसी पर लटका दिया। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर जाम लगाकर भारी हंगामा किया, जिसके बाद एसपी ने चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
निरपुड़ा गांव के जंगल में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने आधा दर्जन से अधिक नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी किए थे। इसी मामले में पूछताछ के लिए शनिवार की सुबह पुलिस गांव के ही रोहित राणा (22) को पकड़कर चौकी लाई थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दिन भर उन्हें रोहित से मिलने नहीं दिया और देर शाम 8 बजे उसकी मौत की खबर सामने आई।
एसपी बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि रोहित को परिजनों के सुपुर्द करने की तैयारी चल रही थी, तभी उसने चौकी के भीतर गमछे से पंखे पर लटककर आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस उसे मुज़फ्फरनगर के बुढ़ाना में पीएचसी ले गई जहाँ उसकी मौत हो गई। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पास गमछा कैसे पहुंचा? जब परिजन बाहर मौजूद थे और पुलिसकर्मी चौकी में थे, तो युवक को आत्महत्या का मौका कैसे मिला?
परिजनों का आरोप है कि रोहित को आवास में बंद कर बाहर से कुंडी लगाई गई थी।
पुलिस ने की बेरहमी से पिटाई
रोहित के बड़े भाई मोहित और बहन सोनिया का कहना है कि वे दिन भर चौकी के बाहर बैठे रहे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें मिलने नहीं दिया। शाम को अचानक पुलिसकर्मी रोहित को मरणासन्न हालत में कार में डालकर ले जाने लगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की पिटाई से रोहित की मौत हुई और मामले को दबाने के लिए सुसाइड का रूप दिया गया। मृतक की दादी सुशीला की ओर से पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी गई है।
एसपी की बड़ी कार्रवाई
एसपी सूरज कुमार राय ने प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर
सुरेश कुमार (चौकी प्रभारी, भड़ल), आदेश कुमार (हेड कांस्टेबल) और आकाश सैनी (कांस्टेबल) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की मजिस्ट्रेट जांच के लिए जिलाधिकारी से अनुरोध किया गया है। मौके पर पीएसी और कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है।
