मन की बात 133 वां एपिसोड: पीएम मोदी ने गौतम बुद्ध के विचारों और जीवन संदेश के बारे में बात की

 मन की बात 133 वां एपिसोड: पीएम मोदी ने गौतम बुद्ध के विचारों और जीवन संदेश के बारे में बात की

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 133वें एपिसोड में भगवान गौतम बुद्ध के विचारों और उनके जीवन संदेश के बारे में बात की। उन्होंने दक्षिण अमेरिका के चिली में एक संस्था का भी जिक्र किया जो भगवान बुद्ध के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना हजारों साल पहले था। पीएम मोदी ने कहा, “भगवान बुद्ध ने हमें सिखाया है कि शांति हमारे भीतर से शुरू होती है।” उन्होंने यह भी बताया कि स्वयं पर विजय ही सबसे बड़ी जीत होती है। पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दुनिया जिस तरह के तनाव और संघर्षों से गुजर रही है, ऐसे समय में बुद्ध के विचार और भी ज्यादा महत्वपूर्ण हो गए हैं। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी बताया कि दक्षिण अमेरिका के चिली में एक संस्था भगवान बुद्ध के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। यह संस्था लद्दाख में जन्मे द्रुबपोन ओत्जर रिनपोछे के मार्गदर्शन में काम कर रही है। पीएम मोदी ने कहा कि यह संस्था ध्यान और करुणा को लोगों के जीवन से जोड़ रही है। चिली की कोचीगुआज घाटी में बना स्तूप लोगों को शांति और सुकून का अनुभव कराता है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। बता दें कि बुद्ध पूर्णिमा, जिसे वैशाख पूर्णिमा भी कहा जाता है, बौद्ध धर्म का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है।