देर रात पिता ने जूसर के हैंडल से सिर कूंचकर 20 वर्षीय बेटे की हत्या की
प्रयागराज। प्रयागराज के करेली थाना क्षेत्र में देर रात एक पिता ने जूसर के हैंडल से सिर कूंचकर 20 साल के बेटे की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कमरे में बंद किया और मकान में ताला जड़कर फरार हो गया।
करेली पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को पकड़ लिया है। पत्नी से अवैध संबंध के शक में वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे थे और वह नशे का आदी है। वहीं, उसका सबसे बड़ा 20 वर्षीय बेटा सब्जी का काम करता था। शुक्रवार रात आरोपी का बेटे के साथ झगड़ा हो गया।
विवाद ज्यादा बढ़ा तो बेटे के कहने पर मां अतरसुइया स्थित अपने मायके चली गई। इसके बाद बात खत्म हुई तो तीनों बेटे खाना खाकर छत पर सोने चले गए। सुबह जब बेटे छत से नीचे आए तो देखा कि पिता घर पर नहीं है। कमरे में ताला जड़ा होने के साथ ही घर का मुख्य दरवाजा भी बाहर से बंद है।
जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था बड़ा बेटा
मामले की जानकारी बेटों ने मां को फोन पर दी। मुख्य दरवाजे को खोलने के बाद कमरे का ताला खोला तो सभी के होश उड़ गए। उनका सबसे बड़ा बेटा जमीन पर खून से लथपथ पड़ा था, उसकी मौत हो चुकी थी।
मामले की सूचना पर एसीपी अतरसुइया निकिता श्रीवास्तव, करेली थाना प्रभारी आशीष सिंह समेत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और वीडियोग्राफी कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज किए तो पारिवारिक कलह की बात सामने आई। जांच में पता चला कि पत्नी से अवैध संबंध के शक में आरोपी ने अपने बेटे की हत्या कर दी।
मुझे शक था इसलिए मार डाला…
परिजनों के बयान के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई। मोबाइल की लोकेशन और परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस आरोपी के ठिकाने तक पहुंची और उसे पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे शक था कि बेटे के मां के साथ अवैध संबंध हैं, इसीलिए उसे मार डाला। रविवार को पुलिस आरोपी को जिला न्यायालय के समक्ष पेश करेगी।
