काशी में पीएम मोदी करेंगे 14 किलोमीटर लंबा रोड शो, 28 अप्रैल से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे वाराणीस

 काशी में पीएम मोदी करेंगे 14 किलोमीटर लंबा रोड शो, 28 अप्रैल से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे वाराणीस

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काशी में अब तक का सबसे लंबा करीब 14 किलोमीटर रोड शो करेंगे। इससे पहले पीएम मोदी ने 23 मई 2024 को बीएचयू से दशाश्वमेध तक पांच किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। प्रधानमंत्री ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भी रोड शो किया था लेकिन रूट इतना लंबा नहीं था।

प्रधानमंत्री दो दिवसीय दौरे पर 28 अप्रैल को काशी आ रहे हैं। पहले दिन बरेका में 40 हजार महिलाओं से सीधा संवाद करेंगे। जनसभा करके विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। 29 अप्रैल की सुबह नौ बजे श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन करेंगे।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत के बाद 18 जून 2024 को श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए थे। यानी एक साल दस महीने बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर मेंे दर्शन करेंगे।

प्रधानमंत्री 29 अप्रैल की सुबह आठ बजे बीएलडब्ल्यू से मंडुवाडीह, लहरतारा होकर पुलिस लाइन चौराहा जाएंगे, फिर लहुराबीर से मैदागिन चौराहा होकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक रोड शो करेंगे। यह रास्ता करीब एक घंटे में तय होगा। प्रधानमंत्री का शहर के पांच स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। हर स्थान पर करीब तीन हजार लोगों की मौजूदगी रहेगी।

एयरपोर्ट पर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। बाबतपुर एयरपोर्ट पर एसपीजी ने स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन के साथ एएसएल की उच्चस्तरीय बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से बरेका परिसर तक करीब 25 किलोमीटर लंबे रूट का निरीक्षण किया गया।

40 हजार महिलाओं के लिए जर्मन हैंगर का पंडाल

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को ध्यान में रखकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पूरे शहर को चमकाने का काम प्रशासन कर रहा है। बरेका में जर्मन हैंगर तकनीक से पंडाल तैयार किया जा रहा है। केसरिया रंग से पूरे पंडाल को सजाया जा रहा है।