गर्मी का प्रकोप जबरदस्त, पारा तेजी से चढ़ा
नई दिल्ली। भारत में गर्मी का प्रकोप जबरदस्त रूप से बढ़ा है। खासकर अप्रैल के बीते दो हफ्तों में पारा तेजी से चढ़ा है। स्थिति हर राज्य में खराब हुई है और उत्तर और उत्तर पश्चिम भारत में तो मई शुरू होने से पहले ही लू का प्रकोप शुरू हो गया। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले तीन से चार दिन स्थिति कुछ ऐसी ही रहने वाली है। हालांकि, इसके बाद मौसमी प्रणालियों में बदलाव की वजह से कुछ राहत मिल सकती है।
शनिवार को दुनिया के टॉप गर्म शहर
शनिवार तक के आंकड़े देखे जाएं तो सामने आता है कि शीर्ष-100 गर्म शहरों में भारत के 99 शहर शामिल हैं। सिर्फ टॉप-25 गर्म शहरों की ही बात कर लें तो इसमें से 24 शहर उत्तर प्रदेश के हैं, जबकि एक शहर उत्तराखंड का है। टॉप-50 में 32 यूपी के, नौ बिहार के, तीन उत्तराखंड के, दो महाराष्ट्र के, एक मध्य प्रदेश का, एक राजस्थान, एक गुजरात और एक नेपाल का शहर है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) लगातार भारत में गर्मी की स्थिति को लेकर अलर्ट और दिशा-निर्देश जारी कर रहा है। अपनी हालिया एडवायजरी में मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में हीटवेव (लू) जैसी स्थिति बनने की चेतावनी जारी की है। यह हीटवेव की स्थिति तब होती है, जब किसी क्षेत्र में सामान्य अपेक्षित तापमान के मुकाबले में तापमान असामान्य रूप से ज्यादा हो जाए।
कब घोषित की जाती है
मैदानी इलाकों में
अधिकतम तापमान कम से कम 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और यह सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होता है। 6.4 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होने पर इसे ‘गंभीर हीटवेव’ माना जाता है।
