जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष, बसपा नेता ने भाजपा सभासद के दो भाइयों और भतीजे पर बरसाई गोलियां

 जन्मदिन की पार्टी में खूनी संघर्ष, बसपा नेता ने भाजपा सभासद के दो भाइयों और भतीजे पर बरसाई गोलियां

बुलंदशहर। जनपद के खुर्जा नगर में शनिवार की आधी रात एक जन्मदिन की पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। चेहरे पर केक लगाने जैसी छोटी सी बात पर हुए विवाद में भाजपा सभासद के छोटे भाई, चचेरे भाई और भतीजे की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पूरी घटना खुर्जा के आरजेएस (RJS) फिटनेस जिम की है। पुलिस के अनुसार, शनिवार को आरोपी जीतू सैनी का जन्मदिन था, जो पूर्व बसपा नगर अध्यक्ष रह चुका है। उसने जिम में अपने दोस्तों के लिए पार्टी रखी थी। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान भाजपा सभासद संजय सैनी के चचेरे भाई ने मजाक में जीतू के चेहरे पर केक लगा दिया। इसी बात से आरोपी आगबबूला हो गया और कहासुनी शुरू हो गई।

अंधाधुंध फायरिंग और तिहरा हत्याकांड

विवाद इतना बढ़ा कि जीतू ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोली लगने से भाजपा सभासद के छोटे भाई मनीष सैनी (30), भतीजे आकाश सैनी (19) और चचेरे भाई अमरदीप सैनी (32) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सबूत मिटाने के लिए जिम में लगा सीसीटीवी का डीवीआर (DVR) भी अपने साथ उखाड़ कर ले गए और फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की तलाश

सूचना मिलते ही एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और डीआईजी कलानिधि नैथानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डीआईजी ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में जिम के भीतर झगड़े की बात सामने आई है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।