बिहार सहित पूरे उत्तरी भारत में लू का यलो अलर्ट जारी, जाने मौसम का हाल

 बिहार सहित पूरे उत्तरी भारत में लू का यलो अलर्ट जारी, जाने मौसम का हाल
नई दिल्ली। बिहार के दक्षिण-पश्चिम भाग में उष्ण लहर का यलो अलर्ट जारी कर किया गया है। बिहार सहित पूरे उत्तरी भारत में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इन जिलों के कुछ इलाकों में लू की स्थिति दो तक बनी रहती है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इन इलाकों में रहने वाले सावधान रहें। बच्चे और बुजुर्गों को विशेष तौर सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्मी के संपर्क से बचें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें। अपना सिर ढकें। बाहर निकलने पर एक कपड़ा, टोपी या छाता प्रयोग अवश्य करें।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने के आसार फिलहाल नजर नहीं आ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रोहतास जिले के डेहरी में दर्ज किया गया। वहीं पूरे बिहार में अधिकतम तापमान 33.7 से 43.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। सीवान के जीरादेई में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्यभर में न्यूनतम तापमान 21.8 से 30.9 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। इसमें भी कोई बड़ा परिवर्तन देखने को नहीं मिला।
पटना में बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. ने बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा हेतु स्कूलों के संचालन के लिए नया आदेश जारी किया है। नए आदेश के अनुसार अब प्री-स्कूल व आंगनबाड़ी सहित कक्षा 5 तक का स्कूल अब सुबह 11:30 बजे तक ही चलेगा। वहीं कक्षा आठ तक के लिए दोपहर 12:30 बजे के बाद कक्षाओं के संचालन पर रोक लगा दी गई है। यह आदेश 22 अप्रैल 2024 से 25 अप्रैल 2024 तक प्रभावी रहेगा। डीएम डॉ. त्यागराजन एस.एम. के आदेश के अनुसार अधिक तापमान, विशेष रूप से दोपहर के समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इसलिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में वर्ग पांच तक के बच्चों के लिए विद्यालय का समय सुबह 11:30 बजे तक ही रहेगा।