पहलगाम हमले का मास्टर माइंड की पहचान पाक निवासी साजिद जट्ट के रूप में हुई

 पहलगाम हमले का मास्टर माइंड की पहचान पाक निवासी साजिद जट्ट के रूप में हुई
नई दिल्ली। पहलगाम हमले के एक साल बाद उस खूनी साजिश का सबसे बड़ा खिलाड़ी अब दुनिया के सामने आ गया है। ‘आजतक’ की एक बड़ी तहकीकात में उस आतंकी की पहली तस्वीर और पूरी कुंडली हाथ लगी है, जो पाकिस्तान में बैठकर कश्मीर को दहलाने की प्लानिंग करता है। इस खतरनाक मास्टरमाइंड का नाम साजिद जट्ट है, जो लश्कर-ए-तैयबा और टीआरएफ (TRF) का टॉप कमांडर है। लेकिन चौंकाने वाली बात यह है कि वह अब पाकिस्तान में किसी खूंखार आतंकी की तरह नहीं, बल्कि एक लाचार और बेहद साधारण आदमी की पहचान बनाकर ‘साये’ की तरह रह रहा है।
पहलगाम के बैरसन घाटी में मासूम लोगों पर गोलियां चलवाने वाले इस मास्टरमाइंड का असली चेहरा अब दुनिया ने देख लिया है। एनआईए (NIA) की जांच में साजिद जट्ट उर्फ सैफुल्लाह साजिद को ही इस हमले का असली जिम्मेदार बताया गया है।
लेकिन इस पड़ताल में जो सबसे बड़ा खुलासा हुआ है, वह है उसका असली नाम- हबीबुल्लाह तबस्सुम।
जांच टीम ने साजिद के वे पाकिस्तानी आईडी कार्ड ढूंढ निकाले हैं, जो उसके झूठ की पोल खोल देते हैं। कसूर जिले की तंग गलियों से लेकर रावलपिंडी के गुप्त ठिकानों तक, साजिद ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन उसके असली कागजों ने उसे बेनकाब कर दिया।