बेबी फूड में मिले चूहे मारने वाले जहर के अंश, बाजार से वापस मंगवाए प्रोडेक्ट

 बेबी फूड में मिले चूहे मारने वाले जहर के अंश, बाजार से वापस मंगवाए प्रोडेक्ट

नई दिल्ली। बेबी फूड बनाने वाली कंपनी हिप्प ने अपने कुछ बेबी फूड जार बाजार से वापस मंगाने का फैसला किया है। ऑस्ट्रिया, स्लोवाकिया और चेक गणराज्य में लिए गए नमूनों में चूहे मारने वाले जहर के अंश पाए गए। अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की।

ऑस्ट्रिया के स्पार सुपरमार्केट से बेचे गए 5 महीने के बच्चों के लिए गाजर और आलू से बने 190 ग्राम (6.7 औंस) के शिशु आहार के जार में मिलावट की गई थी। पहला संदिग्ध नमूना शनिवार को पॉजिटिव पाया गया।

कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि यह रिकॉल हमारी ओर से किसी उत्पाद या गुणवत्ता में कमी के कारण नहीं है। जार हमारी फैक्ट्री से पूरी तरह सही हालत में निकले थे। यह मामला एक आपराधिक कृत्य से जुड़ा है, जिसकी जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं।

पुलिस ने जारी की चेतावनी

ऑस्ट्रिया के बर्गेनलैंड पुलिस ने कहा कि संदिग्ध जार के नीचे सफेद स्टिकर पर लाल गोला बना हो सकता है। इसके अलावा कुछ और संकेत भी दिए गए हैं:

ढक्कन टूटा हुआ या पहले से खुला दिखे।

जार खोलने पर सामान्य पॉप आवाज न आए।

भोजन से अजीब या खराब गंध आए।

पुलिस ने लोगों से ऐसे किसी भी उत्पाद का उपयोग न करने की अपील की है।

कई देशों में बिक्री रोकी गई

हिप्प ने एहतियातन ऑस्ट्रिया के स्पार, यूरोस्पार, इंटरस्पार और मैक्सिमार्कट स्टोर्स में बिकने वाले अपने सभी बेबी फूड जार वापस मंगाने का फैसला किया है। ग्राहकों को बिना रसीद के भी पूरा रिफंड दिया जाएगा। वहीं स्लोवाकिया और चेक गणराज्य के विक्रेताओं ने भी कंपनी के सभी बेबी फूड जार बिक्री से हटा दिए हैं।

ग्राहक की शिकायत के बाद सामने आया मामला

पुलिस के मुताबिक, एक ग्राहक ने शिकायत की थी कि एक जार से छेड़छाड़ की गई लग रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे ने उस बेबी फूड का सेवन नहीं किया।

कितना खतरनाक है चूहे मारने वाला जहर?

ऑस्ट्रियन एजेंसी फॉर हेल्थ एंड फूड सेफ्टी के अनुसार, चूहे मारने वाले जहर में आमतौर पर ब्रोमाडियोलोन नामक रसायन होता है, जो खून को जमने से रोकता है। इसे खाने पर शरीर में गंभीर ब्लीडिंग हो सकती है।