उधमपुर में निजी बस खाई में गिरने से 14 लोगों की दर्दनाक मौत

 उधमपुर में निजी बस खाई में गिरने से 14 लोगों की दर्दनाक मौत
Political Trust Magazine 
जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार को निजी बस के खाई में गिरने से 14 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए हैं। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अभी-अभी, उधमपुर के डीसी श्री मिंगा शेरपा से बात हुई। मुझे पता चला कि कनोट गांव में एक दुखद सड़क हादसा हुआ है। इस हादसे में रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस शामिल थी। उन्होंने लिखा कि बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया है।
इसमें काफी लोगों के हताहत होने की आशंका है। हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जाएगा। गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने लिखा कि मैं स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ, राजिंदर शर्मा के नेतृत्व वाली हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के भी लगातार संपर्क में हूं। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रामनगर से उधमपुर जा रही एक यात्री बस के साथ हुई दुखद सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ पूरी दृढ़ता से खड़ी है, और उन्हें हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।