सपा अध्यक्ष अखिलेश को जब से पिलाई अपने हाथ से चाय, परेशानी में घिरा चाय होटल संचालक

 सपा अध्यक्ष अखिलेश को जब से पिलाई अपने हाथ से चाय, परेशानी में घिरा चाय होटल संचालक
Political Trust Magazine 
लखनऊ। फतेहपुर के अल्लीपुर बहेरा स्थित चर्चित चाय होटल संचालक परिवार के साथ शुक्रवार को मारपीट और लूटपाट की घटना सामने आई है। आज रविवार को सोशल मीडिया में सामने आकर दुकानदार ने आरोप लगाया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को चाय पिलाने के बाद से उन्हें लगातार किसी न किसी तरह से परेशान किया जा रहा है। मारपीट की घटना से दो दिन पहले दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापा मारकर चाय पत्ती का नमूना लिया था। बताया गया कि जिले में पहली बार किसी चाय की दुकान से नमूना लिया गया है। दुकानदार का आरोप है कि अधिकारी एल्युमिनियम बर्तनों में चाय बनाने को लेकर धमकी देते हैं और दुकान सील करने की बात कहते हैं।
खागा तहसील क्षेत्र में 20 फरवरी को अखिलेश यादव का काफिला अल्लीपुर चौकी चौराहा स्थित चर्चित चाय दुकान पर रुका था। यहां उन्होंने चाय पी थी और दुकानदार के पुत्र आर्यन यादव की प्रशंसा भी की थी। आर्यन ने उस दौरान सोशल मीडिया पर चाय पिलाने की तस्वीरें साझा की थीं। इसके बाद से वह वह चर्चा में आ गया था।
15 अप्रैल को खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश दीक्षित ने टीम के साथ दोबारा छापा मारा। यहां चाय पत्ती में मिलावट की आशंका पर नमूना लिया। दुकानदार और उसके परिवार का आरोप है कि इसके बाद से उन्हें लगातार प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है और शुक्रवार को परिवार पर हमला भी किया गया।
वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि आईजीआरएस पोर्टल पर चाय पत्ती में मिलावट की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई थी। सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। उन्होंने धमकी के आरोपों को निराधार बताया। प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
चाय की दुकान बंद रही
घटना के बाद आज पीड़ित पक्ष ने चाय की दुकान बंद कर दी है। दुकानदार शेषमणि ने बताया कि परिवार दहशत में है। इसलिए होटल बंद कर दिया गया है।