दारूल उलूम परिसर में स्मार्ट/एंड्रॉयड मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर छात्रों का होगा निष्कासन

 दारूल उलूम परिसर में स्मार्ट/एंड्रॉयड मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर छात्रों का होगा निष्कासन
देवबंद। विश्व प्रसिद्ध इस्लामिक शिक्षण संस्थान दारुल उलूम देवबंद ने नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होते ही छात्रों के लिए सख्त अनुशासन नियमावली जारी कर दी है। संस्थान ने परिसर में मल्टीमीडिया (स्मार्ट/एंड्रॉयड) मोबाइल फोन रखने पर अपने पुराने प्रतिबंध को दोहराते हुए चेतावनी दी है कि उल्लंघन करने वाले छात्रों को सीधे निष्कासन (Expulsion) की कार्रवाई का सामना करना होगा।
संस्था प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी छात्र के पास यदि मल्टीमीडिया फोन पाया जाता है, तो इसे नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। दारुल इकामा के नाजिम-ए-आला (छात्रावास प्रभारी) मौलाना मुफ्ती अशरफ अब्बास ने बताया कि नया इस्लामिक सत्र शुरू हो चुका है, जिसमें करीब 1500 नए छात्रों को प्रवेश मिला है। इन सभी को प्रवेश के समय ही इस नियम से अवगत करा दिया गया है।
संस्थान ने साफ कर दिया है कि यदि कोई छात्र मल्टीमीडिया फोन के साथ पाया जाता है,चाहे वह उसका उपयोग कर रहा हो या नहीं,उसे बख्शा नहीं जाएगा। शैक्षणिक वातावरण को शुद्ध रखने और छात्रों को अनावश्यक गतिविधियों से दूर रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। दारुल उलूम में पिछले कई वर्षों से यह प्रतिबंध लागू है और छात्रों को केवल साधारण कीपैड फोन रखने की ही इजाजत दी जाती है।