पीएम मोदी का सहारनपुर में रोड शो, देहरादून में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का उद्घाटन

 पीएम मोदी का सहारनपुर में रोड शो, देहरादून में दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर का उद्घाटन

सहारनपुर/देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में भव्य रोड शो किया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग तिरंगा थामे खड़े रहे और ‘मोदी-मोदी’, ‘भारत माता की जय’ व ‘जय श्री राम’ के नारों से माहौल गूंज उठा। लोगों ने प्रधानमंत्री पर फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। कई लोग पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए और लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को उत्सव में बदल दिया। पीएम मोदी ने भी हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया।
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री ने दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के ऊंचे खंड पर बने वाइल्डलाइफ कॉरिडोर की समीक्षा की और फिर देहरादून के लिए रवाना हुए। देहरादून पहुंचकर उन्होंने जय मां डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना की।
इसके बाद पीएम मोदी ने देहरादून में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे/कॉरिडोर का औपचारिक उद्घाटन किया और जनसभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में विकास, पर्यटन और तेज कनेक्टिविटी को नई गति देगी।
करीब 213 किलोमीटर लंबा, छह लेन वाला और एक्सेस कंट्रोल्ड यह कॉरिडोर 12,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार किया गया है। इसके शुरू होने से दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय छह घंटे से घटकर लगभग ढाई घंटे रह जाएगा।
इस परियोजना में 10 इंटरचेंज, तीन रेलवे ओवरब्रिज, चार प्रमुख पुल और 12 वे- साइड सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही, इसे उन्नत यातायात प्रबंधन प्रणाली (एटीएम) से लैस किया गया है, जिससे यात्रा सुरक्षित और सुगम होगी।
पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इस कॉरिडोर में विशेष वाइल्डलाइफ क्रॉसिंग और इको-फ्रेंडली डिजाइन शामिल किए गए हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में मदद मिलेगी।