मुजफ्फरनगर से सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दिया सरकार का स्पष्ट संदेश

 मुजफ्फरनगर से सीएम योगी और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दिया सरकार का स्पष्ट संदेश
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में आयोजित कार्यक्रम में सरकार की ओर से क्षेत्र के विकास के लिए 951 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान कहा गया कि कर्मचारियों को मिलने वाले मानदेय में किसी प्रकार की कटौती न हो, यह भी सरकार सुनिश्चित कर रही है। साथ ही लोगों से अपील की गई कि औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सावधान रहें और उन्हें सफल न होने दें।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि माफिया और अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। बेटियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके लिए इस धरती पर कोई स्थान नहीं होगा, और ध्यान याद रखें जब बंटे थे तभी कटे थे। आज कांवड़ यात्रा में बेडिकेडिंग नहीं लगती बल्कि हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा होती है।
उन्होंने मुजफ्फरनगर को मिली 951 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लिए जिले के जनप्रतिनिधियों और सभी नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विकास के मामले में सरकार जनता को कभी निराश नहीं होने देगी।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और सभी को शुभकामनाएं दीं। इसी बीच जनसभा में मौजूद कुछ समर्थकों ने सीएम योगी के चित्र के पोस्टर पकड़े थे, जिनमें से कुछ को सीएम ने मंच पर आमंत्रित भी किया।
हर हाथ को काम देने की गारंटी
उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि नया भारत अपनी विरासत का सम्मान करते हुए विकास के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करे और देश को आगे बढ़ाए।
उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में अब भाई-भतीजावाद या सिफारिश की कोई गुंजाइश नहीं है। युवाओं से उन्होंने कहा कि अगर वे मेहनत करेंगे तो उन्हें जरूर सफलता मिलेगी। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है, इसलिए युवाओं को निराश होने की जरूरत नहीं है, बल्कि पूरी मेहनत और लगन के साथ तैयारी करनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। सरकार लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है और भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 11 हजार युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया है। जिन युवाओं को आज नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं, उन्हें उन्होंने बधाई दी और कहा कि जिन्हें अभी अवसर नहीं मिल पाया है, उन्हें भी आगे और मौके दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के लिए नई योजनाएं और सुविधाएं ला रही है, ताकि अधिक से अधिक रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकें।
देश के विकास में आधी आबादी की भागीदारी जरूरी
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसके बावजूद उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में जो सकारात्मक और सुखद वातावरण बना है, उसे बनाए रखें और समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के विजन को साकार करने के लिए हर भारतवासी को इस संकल्प से जुड़ना होगा और हर स्तर पर प्रयास करना होगा।
उन्होंने कहा कि देश के विकास में आधी आबादी यानी महिलाओं की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का पहले भी समर्थन किया था और आज भी इसके पक्ष में अपनी बात रखी है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई प्रयास कर रही है। जब समाज मिलकर आगे बढ़ता है तो दुनिया की कोई ताकत उसकी राह में बाधा नहीं बन सकती।उन्होंने कहा कि देश के महापुरुषों को जातीय दायरे में नहीं बांधना चाहिए। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में शहीद होने वाले वीरों ने किसी जाति के लिए नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए बलिदान दिया था। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जैसे महानायक किसी जाति विशेष के लिए नहीं, बल्कि देश और धर्म की रक्षा के लिए लड़े थे।
उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों ने स्वदेश और स्वधर्म के लिए अपना सब कुछ न्यौछावर कर दिया। इसी तरह चौधरी चरण सिंह ने भी समाज के हर वर्ग के कल्याण की बात की। उन्होंने किसानों, गांवों, श्रमिकों और युवाओं के हितों को प्राथमिकता दी, लेकिन कभी जाति की राजनीति नहीं की।
उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना हम सभी का दायित्व है। वे समाज और देश के मार्गदर्शक हैं। राष्ट्रनायक किसी जाति के नहीं होते, बल्कि पूरे देश को दिशा देने वाले होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि महापुरुषों को जातीय दायरे में कैद करने का पाप न करें, क्योंकि उनकी प्रेरणा ही समाज और देश को आगे बढ़ाने की शक्ति देती है।
जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि देश के इतिहास में 16, 17 और 18 अप्रैल महत्वपूर्ण तिथियां साबित होंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक महिलाओं को अधिकार दिलाने वाला ऐतिहासिक कदम है।
जयंत चौधरी ने युवाओं से कहा कि अब केवल सरकारी नौकरी के भरोसे नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल को भी मजबूत करना होगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का सपना चौधरी चरणसिंह और अटल बिहरी वाजपेयी ने 1983 में देखा था और आने वाले समय में यह गठबंधन और मजबूत होगा। जयंत चौधरी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में क्या स्थिति थी, यह किसी से छिपा नहीं है, लेकिन अब पारदर्शी तरीके से युवाओं को नौकरियां दी जा रही हैं। कहा कि 2014 से पहले देश में स्टार्टअप पर कोई नीति नहीं थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसानो की हर समस्या को समझते हैं।