देश भर के टोल प्लाजा अब पूरी तरह से डिजिटल से लैस

 देश भर के टोल प्लाजा अब पूरी तरह से डिजिटल से लैस
नई दिल्ली। देश भर के नेशनल हाईवे टोल प्लाजा पर अब टोल टैक्स का भुगतान पूरी तरह डिजिटल हो गया है। शनिवार को एक आधिकारिक बयान में सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने कहा कि बीते 10 अप्रैल 2026 से सभी यूजर फीस केवल फास्टैग या यूपीआई के जरिए ही ली जा रही है। यह कदम टोल कलेक्शन सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और तेज बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इसके साथ ही बयान में कहा गया है कि हालांकि, चुनाव प्रक्रिया के चलते लागू आचार संहिता के कारण तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में फिलहाल इस व्यवस्था को लागू नहीं किया गया है।यह फैसला सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने टोल प्लाजा पर कैश पेमेंट को पूरी तरह बंद करने के लिए लिया है। इससे पहले 1 अप्रैल से ही यात्रियों को सलाह दी गई थी कि वे केवल डिजिटल माध्यम जैसे फास्टैग या यूपीआई से ही भुगतान करें। इस नई व्यवस्था का मकसद टोल कलेक्शन में पारदर्शिता बढ़ाना और वाहनों की आवाजाही को तेज करना है, जिससे लंबी कतारों से छुटकारा मिल सके। अधिकारियों के अनुसार, पूरी तरह डिजिटल सिस्टम लागू होने से टोल प्लाजा पर वाहनों की प्रोसेसिंग तेज होगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और यात्रियों का समय बचेगा। खासकर पीक आवर्स में ट्रैफिक का प्रवाह सुचारु रहने की उम्मीद है।