यमुना में डूबे लोगों में दो के शव मिले,नाव हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की मौत
- उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय
Political Trust
- April 12, 2026
- 0
- 51
- 1 minute read
मथुरा। वृदावन में यमुना में डूबे पांच लोगों में से दो के शव रविवार सुबह मिले। एक युवक का शव हादसे की जगह से तीन किमी दूर अक्रूर घाट के पास मिला, वहीं एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के समीप मिला है। नाव हादसे में अब तक 13 श्रद्धालुओं की माैत हो चुकी है। तीन की तलाश अब भी जारी है।एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि रविवार सुबह यमुना नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ है। उसकी पहचान ऋषभ शर्मा के रूप में हुई है। उसका शव हादसे की जगह से तीन किलोमीटर दूर अक्रूर घाट के पास मिला है। वहीं, एक महिला का शव देवरहा बाबा घाट के पास मिला है। महिला की पहचान के प्रयास जारी हैं। तीन लोग लापता हैं, उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी है।
वृंदावन में शुक्रवार दोपहर को हुए दर्दनाक मोटरबोट हादसे में लापता श्रद्धालुओं की तलाश जारी है। हादसे के बाद श्रद्धालुओं के घरों में मातम पसरा है। मथुरा से लेकर पंजाब तक लापता श्रद्धालुओं के फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हादसे का शिकार हुए अधिकांश श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना और जगरांव के रहने वाले थे। लापता श्रद्धालुओं में पंकज मल्होत्रा, ऋषभ शर्मा, यश भल्ला, मोनिका और डिंकी बंसल शामिल हैं। पंजाब और मथुरा के सोशल मीडिया ग्रुपों पर इन श्रद्धालुओं की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसमें लोग उनके सुरक्षित होने की दुआएं मांग रहे हैं। अपनों की तलाश में परिजन पंजाब से वृंदावन पहुंच चुके हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और स्थानीय पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें भी लापता श्रद्धालुओं की तलाश में जुटी हुई हैं। यमुना के तेज बहाव और गहरे घाटों के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं।
