भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ के लिए 9 बॉर्डर आउट पोस्ट के लिए दी गई रिश्वत, ईडी ने की कार्रवाई

 भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ के लिए 9 बॉर्डर आउट पोस्ट के लिए दी गई रिश्वत, ईडी ने की कार्रवाई
नई दिल्ली। भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर बीएसएफ के लिए 9 बॉर्डर आउट पोस्ट ‘बीओपी’ तैयार की जानी थी। इस निर्माण कार्य पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च होने थे। बीओपी तैयार करने का टेंडर लेने के लिए रिश्वत दी गई। पहले सीबीआई ने इस मामले में कार्रवाई की। जब इस केस में ‘हवाला चैनल’ सामने आया तो ईडी ने अपने हाथ में जांच ले ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय ने विशेष (पीएमएलए) न्यायाधीश की अदालत में राकेश मोहन कोटवाल, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय प्रबंधक, उत्तर पूर्वी क्षेत्र (आईबीबीडब्ल्यू), एनपीसीसी लिमिटेड, सिलचर, लतीफुल पाशा, प्रभारी अधिकारी, जलपाईगुड़ी परियोजना कार्यालय, एनपीसीसी लिमिटेड, पश्चिम बंगाल, अनीश बैद, निदेशक, मेसर्स गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, बिनोद सिंघी, निदेशक, मेसर्स गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड, मेसर्स जयचंद लाल सिंघी और सुनील कुमार के खिलाफ अभियोग शिकायत दर्ज की है।ईडी के मुताबिक, गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड पर पीएमएलए, 2002 की धारा 3 के तहत धन शोधन के अपराध का आरोप है। ये धारा 4 के तहत दंडनीय अपराध है। यह रिश्वतखोरी का मामला एनपीसीसी लिमिटेड (बीएसएफ की ओर से) द्वारा गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड को भारत-बांग्लादेश सीमा पर लगभग 60.30 करोड़ रुपये के 9 सीमा चौकी (समूह सी और डी) के ठेक दिए जाने से संबंधित है।
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार-विरोधी शाखा-I (एसी-I), नई दिल्ली द्वारा भारतीय दंड संहिता, 1860 और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत एनपीसीसी लिमिटेड के तत्कालीन जोनल मैनेजर राकेश मोहन कोटवाल और अन्य के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर ईडी ने इस केस की जांच शुरू की थी। सीबीआई ने 29 नवंबर 2021 को नौ आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल किया।
जांच में पता चला कि तत्कालीन जोनल मैनेजर राकेश मोहन कोटवाल और तत्कालीन प्रोजेक्ट मैनेजर लतीफुल पाशा ने गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के निदेशक अनीश बैद से लगभग 2.24 करोड़ रुपये के रोके गए चालू बिलों को जारी करने के लिए लगभग 33 लाख रुपये (30 लाख रुपये पर तय) की अवैध रिश्वत की मांग की थी। इस मांग को आगे बढ़ाने के लिए अनीश बैद और गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के निदेशक व पार्टनर बिनोद सिंघी ने रिश्वत की मांग की। जयचंद लाल सिंघी ने हवाला चैनलों (सिलचर → गुवाहाटी → दिल्ली) के माध्यम से 25 लाख रुपये के हस्तांतरण की व्यवस्था की।
4 जुलाई 2019 को, गौतम कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड के खाते से 20.70 लाख रुपये और जयचंद लाल सिंघी के खाते से विनीत डिस्ट्रीब्यूटर्स के खाते में 5.17 लाख रुपये बैंकिंग चैनलों के माध्यम से स्थानांतरित किए गए। अंततः 14 जुलाई 2019 को सुनील कुमार को होटल डियर पार्क, दिल्ली में नकद राशि सौंपी गई, जहां सीबीआई ने लेनदेन को रोककर 25 लाख रुपये बरामद किए।