निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के गृह सचिव का किया तबादला

 निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के गृह सचिव का किया तबादला
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के गृह सचिव धीरज कुमार का तबादला करने का आदेश दिया है। उनकी जगह 1993 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी के मनिवसन को नियुक्त किया गया है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि धीरज कुमार को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव संबंधी पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।  मनिवसन को तत्काल कार्यभार संभालने का निर्देश दिया गया है।गृह सचिव बदलने का यह फैसला राज्य में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है। बता दें कि आयोग धीरज कुमार को हटाने से पहले भी कई महत्वपूर्ण तबादले कर चुका है। तबादलों में राज्य के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं। आयोग की तरफ से जारी बयान के मुताबिक विधानसभा चुनाव के लिए मतदान कराए जाने से पहले प्रशासनिक ढांचे में पारदर्शिता लाने का प्रयास किया जा रहा है।धीरज कुमार से पहले, निर्वाचन आयोग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव एन मुरुगानंदम का भी तबादला किया था। उनकी जगह वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एम साई कुमार को नियुक्त किया गया था। इसी तरह, ग्रेटर चेन्नई पुलिस आयुक्त ए अरुण का भी तबादला किया गया था। उनकी जगह 1997 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिन दिनेश को नियुक्त किया गया है। सभी तबादले राज्य में आगामी चुनावों के मद्देनजर किए गए हैं।