मध्य प्रदेश में 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के डीएम बदले

 मध्य प्रदेश में 26 आईएएस अधिकारियों के तबादले, 14 जिलों के डीएम बदले
भोपाल। मध्य प्रदेश शासन ने गुरुवार देर रात प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 26 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी इस सूची में 14 जिलों के कलेक्टरों को इधर से उधर किया गया है, जबकि कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई विभागीय जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भोपाल सहित कई जिलों में नई तैनाती
जारी आदेश के अनुसार, धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को अब राजधानी भोपाल का नया कलेक्टर बनाया गया है। वहीं, भोपाल के निवर्तमान कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें नगर एवं ग्राम निवेश के आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। गृह विभाग के सचिव अभिषेक सिंह को अब आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय बनाया गया है, जबकि शिल्पा गुप्ता को गृह विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, जिन आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है, उनमें 14 जिलों के कलेक्टरों को इधर से उधर किया गया है। इनमें धार जिले के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को भोपाल जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि मौजूदा भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव पद के साथ आयुक्त सह-संचालक, नगर एवं ग्राम निवेश का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय की आयुक्त और स्कूल शिक्षा विभाग की पदेन सचिव शिल्पा गुप्ता को हटाकर गृह विभाग में सचिव बनाया गया है। वहीं, उनकी जगह पर गृह विभाग में सचिव अभिषेक सिंह को आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय पदस्थ किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, तबादला सूची में महिला अधिकारियों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। इंदौर लोक सेवा आयोग की सचिव राखी सहाय को उमरिया कलेक्टर, सहकारिता विभाग की उप सचिव शीला दाहिमा को श्योपुर कलेक्टर और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की उप सचिव बिदिशा मुखर्जी को मैहर कलेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा, नेहा मीना को झाबुआ से स्थानांतरित कर सिवनी कलेक्टर तथा प्रतिभा पाल को रीवा से सागर कलेक्टर की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, नर्मदापुरम की कलेक्टर सोनिया मीना को हटाकर वित्त विभाग में अपर सचिव और सिवनी कलेक्टर शीतला पटले को लोक सेवा आयोग में सचिव बनाया गया है। मैहर कलेक्टर रानी बाटड़ को सहकारिता विभाग में उपसचिव बनाया है।
नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त को हटाया
नर्मदापुरम संभाग के आयुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी को हटा कर आयुक्त सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण बनाया गया है। उनकी जगह पर आयुक्त सह संचालक नगर तथा ग्राम निवेश श्रीकांत बनोठ को आयुक्त नर्मदापुरम संभाग बनाया गया है। वहीं, शिवपुरी जिले के कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी को नर्मदा घाटी विकास विभाग में अपर सचिव बनाया गया है, जबकि उमरिया कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन को विमानन विभाग का अपर सचिव पदस्थ किया गया है। सागर कलेक्टर संदीप जी आर को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी सह श्रम आयुक्त इंदौर, दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर को मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव तथा पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन के संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।