सीएम योगी ने डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि का आवंटन पत्र BEL को सौंपा

 सीएम योगी ने डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि का आवंटन पत्र BEL को सौंपा
लखनऊ/चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘मेक इन यूपी’ अभियान को आज एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश डिफेंस इण्डस्ट्रियल कॉरिडोर के चित्रकूट नोड में 75 हेक्टेयर भूमि का आवंटन पत्र भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अध्यक्ष एवं प्रबन्ध निदेशक श्री मनोज जैन को सौंपा गया। यह कदम चित्रकूट को रक्षा उत्पादन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।
राडार और वायु रक्षा प्रणालियों का होगा निर्माण इस परियोजना के माध्यम से चित्रकूट की धरती पर अत्याधुनिक तकनीक का संचार होगा।
भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) इस इकाई में लगभग 562.5 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।यहाँ उन्नत राडार और वायु रक्षा प्रणालियों (Air Defense Systems) का निर्माण किया जाएगा।मध्य भारत में स्थित चित्रकूट अपनी भौगोलिक अनुकूलता और लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी के कारण रक्षा उत्पादन का उभरता हुआ केंद्र बन रहा है।
रोजगार के खुलेंगे द्वार, थमेगा पलायन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट के युवाओं के लिए इस परियोजना को एक वरदान बताया।
उन्होंने कहा कि:
इस इकाई से 300 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। सहायक उद्योगों (MSMEs) और सम्बद्ध क्षेत्रों में हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण और तकनीकी रोजगार मिलने से क्षेत्र से होने वाले पलायन में भारी कमी आएगी।