एनबीसीसी के निगमित कार्यालय का नवीनीकरण, आधुनिक और संधारणीय कार्यस्थल का उदाहरण

 एनबीसीसी के निगमित कार्यालय का नवीनीकरण, आधुनिक और संधारणीय कार्यस्थल का उदाहरण

नई दिल्ली –नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड के निगमित कार्यालय का नवीनीकरण पूरा हो गया है, जिसका उद्घाटन आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय (MoHUA) के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने किया। इस अवसर पर मंत्रालय और एनबीसीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह में पूजा, दीप प्रज्ज्वलन और पट्टिका अनावरण जैसे पारंपरिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद अतिथियों ने आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कार्यालय परिसर का भ्रमण किया और कर्मचारियों के साथ संवाद किया।
सभा को संबोधित करते हुए कटिकिथला ने कहा कि एनबीसीसी देश के अवसंरचना और पुनर्विकास कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उत्पादकता बढ़ाने और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक और संधारणीय कार्यस्थलों के महत्व पर जोर दिया।
एनबीसीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के.पी. महादेवास्वामी ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप एक आधुनिक, कुशल और जन-केंद्रित संगठन बनने के लिए प्रतिबद्ध है।
करीब 40,000 वर्ग फुट में फैला यह नवीनीकृत कार्यालय उन्नत तकनीकी सुविधाओं से लैस है, जिसमें वायरलेस कनेक्टिविटी, आईओटी आधारित सिस्टम और आधुनिक चार्जिंग अवसंरचना शामिल हैं। यह परियोजना एनबीसीसी के संगठनात्मक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
कार्यक्रम का समापन नवीनीकरण कार्य में लगे श्रमिकों के सम्मान और सामुदायिक भंडारे के आयोजन के साथ हुआ।