मंदिर-मस्जिदों से शराब न खरीदें जाने की मुनादी, जहरीली शराब से तीन की मौत

 मंदिर-मस्जिदों से शराब न खरीदें जाने की मुनादी, जहरीली शराब से तीन की मौत
मेरठ। मेरठ के दौराला में जहरीली शराब से हुई मौतों ने प्रशासनिक अमले में खलबली मचा दी है। घटना के बाद हरकत में आए प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कस्बे में अलर्ट जारी कर दिया। पुलिस ने दौराला की सभी मंदिरों और मस्जिदों के लाउडस्पीकरों से यह एलान कराया कि कोई भी व्यक्ति फिलहाल शराब के ठेके से शराब न खरीदे।
मेरठ के दौराला में शुक्रवार रात करीब आठ बजे शराब पीने के बाद तीन लोगों की मौत हो गई। परिजनों ने शराब के जहरीली होने का आरोप लगाया है। डीएम के आदेश पर देसी शराब के ठेके को सील कर दिया गया है। डीएम और एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
शराब का ठेका भाकियू नेता मिंटू अहलावत निवासी दौराला के पिता जयपाल अहलावत के नाम पर है। पुलिस ने देर रात जयपाल अहलावत और ठेके के दो सेल्समैन को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस के अधिकारी इनसे पूछताछ कर रहे है।