पाकिस्तान में डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने पर बवाल, सरकार ने घटाई दरें

 पाकिस्तान में डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ने पर बवाल, सरकार ने घटाई दरें
कराची। जंग के बीच तेल का संकट गहराता जा रहा है। कई देशों में तेल के दाम आसमान छू रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान में बीते गुरुवार को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी वृद्धि देखने को मिली। तेल की कीमतों में हुई बढ़ोत्तरी के बाद भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
पाकिस्तान की शहबाज सरकार ने तुरंत यू-टर्न ले लिया और पेट्रोल के दाम में 80 रुपये प्रति लीटर की कटौती का एलान कर दिया है। पेट्रोल की कीमत में गिरावट होने से पाकिस्तान की आम जनता को कुछ हद तक राहत मिल सकती है।पेट्रोल की लेवी दरों में कटौती डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को बैलेंस करने के लिए की गई है। वर्तमान में पाकिस्तान में डीजल 520.35 रुपये प्रति लीटर है। वहीं, पेट्रोल की कीमत 458.40 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई थी, जिसे शहबाज सरकार 80 रुपये प्रति लीटर घटा रही है।
एक दिन पहले बढ़ाया था दाम
पाकिस्तान की शहबाज सरकार का यह नया फैसला पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमतों में 43 प्रतिशत और 55 प्रतिशत की अभूतपूर्व बढ़ोतरी के ठीक एक दिन बाद आया है, जब इसको लेकर वहां भारी-विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
शरीफ ने आधी रात को अपने संबोधन में घोषणा की कि सरकार ने पेट्रोल लेवी (कर) में 80 रुपये प्रति लीटर की कमी करने का फैसला किया है, जिससे यह आम उपभोक्ता को 378 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध होगा। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा कि पेट्रोल की कीमत में कम से कम एक महीने तक कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
तनाव को ठहराया जिम्मेदार
शहबाज शरीफ इस बात पर जोर दिया कि मिडिल ईस्ट में तनाव ही पेट्रोलियम की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन सरकार कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।