मखदूमपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए चार किशोर डूबे, मचा हड़कंप  

 मखदूमपुर गंगा घाट पर अंतिम संस्कार में शामिल होने आए चार किशोर डूबे, मचा हड़कंप  
मेरठ। हस्तिनापुर क्षेत्र के मखदूमपुर गंगा घाट पर शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। अंतिम संस्कार में शामिल होने आए चार किशोर गंगा में डूब गए। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।जानकारी के अनुसार थाना लावड़ क्षेत्र के जलालपुर गांव के कुछ लोग अंतिम संस्कार के लिए मखदुमपुर गंगा घाट पहुंचे थे। अंतिम संस्कार के बाद वहां मौजूद कुछ लड़के गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान अचानक वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार पांच किशोर गंगा में डूब रहे थे, जिनमें से एक को साथियों ने किसी तरह बचा लिया, जबकि चार लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों की मदद से तलाशी अभियान शुरू कराया गया।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने प्रशासन से गोताखोरों और फ्लड कंपनी की टीम बुलाकर जल्द से जल्द किशोरों की तलाश कराने की मांग की है।
हालांकि अभी तक कोई उच्च अधिकारी या विशेष रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि लापता किशोरों  की तलाश के लिए प्रयास जारी हैं। डूबने वालों में हिमांशु (17), दीपांशु (15), प्रियांशु (17) और अभिषेक निवासी जलालपुर थाना इंचौली शामिल हैं।