भाजपा ने असम और केरल के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया

 भाजपा ने असम और केरल के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया
नई दिल्ली। भाजपा ने आज मंगलवार को असम और केरल के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया। असम का घोषणा पत्र गुवाहाटी में जारी किया गया। जबकि केरल का तिरुवनंतपुरम में।
इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहे।
पार्टी ने कई ऐलान किए हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा, आज जिस क्षण हम आपको घोषणापत्र देने जा रहे हैं, उसी समय हमें यह भी जानना चाहिए कि अपार प्राकृतिक व मानवीय क्षमता के बावजूद एलडीएफ-यूडीएफ के 17 वर्षों के कुशासन के दौरान केरल में औद्योगिक विकास नगण्य रहा है, जिसके परिणामस्वरूप आर्थिक ठहराव और राजकोषीय कुप्रबंधन हुआ है।नवीन ने कहा, मैं हमेशा कहता हूं कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) केरल की जनता के साथ मैच फिक्सिंग का खेल खेल रहे हैं। उनके 17 वर्षों के शासन में जनता ने इसकी भारी कीमत चुकाई है। उन्होंने सत्ता हथियाने और केवल अपने परिवारों की मदद करने के लिए खेल खेला है और केरल में विकास को इसकी कीमत चुकानी पड़ी है। यूडीएफ और एलडीएफ ने केरल की जनता की प्रगति में कभी रुचि नहीं दिखाई।
उन्होंने कहा, हम आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) का विस्तार करेंगे, ताकि प्रत्येक मलयाली को इसमें शामिल किया जा सके। उन्हें चिकित्सा आपात स्थितियों के दौरान एक अहम सुरक्षा कवच प्रदान किया जा सके।
असम में महिलाओं को 3000 मासिक, UCC करेंगे लागू
असम विधानसभा चुनावों से पहले गुवाहाटी में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भाजपा का घोषणापत्र जारी किया। घोषणापत्र में 31 वादों को शामिल किया गया है। असम विधानसभा चुनाव 2026 से पहले हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भाजपा का घोषणापत्र गुवाहाटी में जारी किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और राज्य भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया भी मौजूद थे।घोषणापत्र के अनुसार, महिलाओं के लिए ओरुनोडोई योजना के तहत मासिक सहायता राशि 1,250 रुपये से बढ़ाकर 3,000 रुपये की जाएगी। इसके अलावा, लाखपती दीदी योजना के तहत 40 लाख महिलाओं को 25,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने का वादा किया गया है।