पटना, अयोध्या और वाराणसी: 30 शहरों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से जोड़ेगा Indigo, जारी किया शेड्यूल

 पटना, अयोध्या और वाराणसी: 30 शहरों को नवी मुंबई एयरपोर्ट से जोड़ेगा Indigo, जारी किया शेड्यूल
मुंबई। इंडिगो ने नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से 30 से ज्यादा नए रूट शुरू करने का फैसला किया है। इन नई फ्लाइट्स के जरिए अब अयोध्या, वाराणसी, पटना, कोलकाता, राजकोट और कई अन्य शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यात्रियों का सफर पहले से ज्यादा आसान हो जाएगा।
अगर नवी मुंबई, ठाणे या रायगढ़ के निवासी हैं और एयरपोर्ट जाने के लिए मुंबई के ट्रैफिक में घंटों फंसने से परेशान थे, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडिगो (IndiGo) ने नवनिर्मित नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपने पंख फैलाने की पूरी तैयारी कर ली है। कंपनी ने कल 29 मार्च 2026 से 23 अप्रैल 2026 के बीच 30 से अधिक नए रूट शुरू करने का मेगा प्लान शेयर किया है।
देश के 30 प्रमुख शहरों के लिए सीधी उड़ान
इंडिगो के इस नए शेड्यूल के बाद नवी मुंबई एयरपोर्ट देश के हर कोने से जुड़ जाएगा। कंपनी ने अयोध्या, वाराणसी और पटना जैसे प्रमुख शहरों के साथ-साथ कोलकाता, चंडीगढ़, श्रीनगर, विशाखापत्तनम, राजकोट, बागडोगरा और कन्नूर जैसे 30 से ज्यादा शहरों के लिए सीधी उड़ानों का ऐलान किया है। इस विस्तार के साथ इंडिगो इस एयरपोर्ट से हर हफ्ते 400 से ज्यादा उड़ानों का संचालन करेगी, जिससे यात्रियों को यात्रा के ढेर सारे ऑप्शन मिलेंगे।
गुजरात के लिए विशेष कनेक्टिविटी
इंडिगो ने गुजरात के औद्योगिक शहरों पर विशेष ध्यान दिया है। आज से ही भावनगर और नवी मुंबई के बीच रोजाना दो सीधी उड़ानें शुरू हो गई हैं। ये उड़ानें इंडिगो के ATR विमानों के जरिए संचालित की जाएंगी। इसके अलावा, 23 अप्रैल 2026 से जामनगर के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू होगी। अब इंडिगो गुजरात के 6 बड़े शहरों (अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, राजकोट, भावनगर और जामनगर) को नवी मुंबई से जोड़ेगी।
ऐसे करें बुकिंग?
इंडिगो ने यात्रियों की सुविधा के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू कर दी है। जो यात्री अपनी यात्रा की योजना बनाना चाहते हैं, वे इंडिगो की ऑफिशियल वेबसाइट या मोबाइल ऐप के जरिए अपनी टिकट बुक कर सकते हैं।