पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर दिखा, स्टाक खत्म होने का नोटिस चस्पा

 पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर दिखा, स्टाक खत्म होने का नोटिस चस्पा
अयोध्या। अयोध्या में अफवाहों के बीच जिले में पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर दिखने लगा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, जबकि जहां आपूर्ति हो रही है वहां भी 100 रुपये तक की सीमा तय कर दी गई है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप होने से उपभोक्ताओं को केवल नकद में ईंधन मिल रहा है, जिससे परेशानी कई गुना बढ़ गई है।
हालात यह हैं कि अब लोग गैस सिलिंडर लेने के बाद पेट्रोल के लिए भी लाइन में लगने को मजबूर हैं। बुधवार तड़के सुबह 5 बजे से शहर के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। घंटों इंतजार के बाद भी पेट्रोल न मिलने से लोग मजबूरी में खाली हाथ वापस लौट गए। कई स्थानों पर सुबह आठ बजे के बाद ही आपूर्ति शुरू हो सकी।
देवकाली बाईपास स्थित पेट्रोल पंप पर एक महिला गैस सिलिंडर के साथ ही पेट्रोल के लिए लाइन में लगी रही। महोबारा ओवरब्रिज के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल खत्म होने का नोटिस लगा मिला, जबकि अयोध्याधाम में बन रहे बस स्टैंड के पास स्थित जय सर्विस स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल दोनों खत्म होने का बोर्ड टंगा
संकट के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है। शहर में पेट्रोल 200 रुपये प्रति लीटर तक ब्लैक में बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। गुरुनानक कॉलोनी निवासी अमर बहादुर ने बताया कि मंगलवार रात को 200 रुपये देकर एक लीटर पेट्रोल लेना पड़ा। बुधवार सुबह छह बजे से कई पंपों के चक्कर लगा चुका हूं, लेकिन कहीं पेट्रोल नहीं मिला।