पीएम मोदी ने ईरान युद्ध में ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने की निंदा की, कतर और जॉर्डन के नेताओं से की बात

 पीएम मोदी ने ईरान युद्ध में ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने की निंदा की, कतर और जॉर्डन के नेताओं से की बात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन, कतर, फ्रांस, मलयेशिया और ओमान के नेताओं से फोन पर बात की और पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने ईरान युद्ध में ऊर्जा ठिकानों को निशाना बनाने की भी निंदा की। पांचों देशों के नेताओं से की गई अलग-अलग बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति, सुरक्षा और स्थिरता को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संवाद और कूटनीति की पहल की अपील की। साथ ही वैश्विक ऊर्जा संकट को दूर करने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। कतर के अमीर तमीम बिन हमद अल थानी के साथ हुई बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत, कतर के साथ है और क्षेत्र में ऊर्जा के बुनियादी ढांचों पर हमलों की कड़ी निंदा करता है। पीएम मोदी ने कतर के अमीर को कतर में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल और समर्थन के लिए आभार जताया और क्षेत्र में शांति और स्थिरता की कामना की। पीएम मोदी ने कतर के शासक को ईद की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।