एनएचएआई ने फास्टैग वार्षिक पास की फीस में की बढ़ोतरी, एक अप्रैल से नई दरें होंगी लागू

 एनएचएआई ने फास्टैग वार्षिक पास की फीस में की बढ़ोतरी, एक अप्रैल से नई दरें होंगी लागू
नई दिल्ली। नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने फास्टैग एनुअल पास की फीस 75 रुपए बढ़ाने का ऐलान किया है।
एनएचएआई के मुताबिक, अब यूजर्स को फास्टैग एनुअल पास के लिए 3,075 रुपए चुकाने होंगे, यह पहले 3 हजरी रुपए थी। नई फीस एक अप्रैल, 2026 से लागू होगी। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने कहा, “एनएचएआई ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए फास्टैग वार्षिक पास के लिए लागू शुल्क को वर्तमान 3 हजार रुपए से बढ़ाकर 3,075 रुपए करने की घोषणा की है।” एनएचएआई के अनुसार, यह संशोधन राष्ट्रीय राजमार्ग शुल्क (दर निर्धारण एवं संग्रह) नियम, 2008 के प्रावधानों के अनुरूप किया गया है। फास्टैग वार्षिक पास निजी वाहन मालिकों के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है और वर्तमान में 56 लाख से अधिक उपयोगकर्ता इसका लाभ उठा रहे हैं। संशोधित वार्षिक पास वैध फास्टैग वाले पात्र गैर-वाणिज्यिक वाहनों के लिए उपलब्ध रहेगा। इसका उपयोग देश भर के राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर स्थित लगभग 1,150 टोल प्लाजा पर किया जा सकता है। फास्टैग वार्षिक पास उपयोगकर्ताओं को बार-बार रिचार्ज करने से बचाता है। इसके लिए उन्हें एक बार शुल्क देना होता है जो एक वर्ष या अधिकतम 200 टोल प्लाजा क्रॉसिंग तक मान्य रहता है, जो भी पहले हो। यह सुविधा नियमित यात्रियों के लिए राजमार्ग यात्रा को अधिक सुविधाजनक और किफायती बनाने के लिए डिज़ाइन की गई है। भुगतान हो जाने के बाद, वार्षिक पास वाहन से जुड़े मौजूदा फास्टैग पर दो घंटे के भीतर सक्रिय हो जाता है।