बिहार में राज्यसभा की पांचों सीट NDA के उम्मीदवार जीते, जानिए बाकी का हाल
- दिल्ली राजनीति राष्ट्रीय
Political Trust
- March 17, 2026
- 0
- 53
- 1 minute read
नई दिल्ली। बिहार में राज्यसभा की पांचों सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA के उम्मीदवार जीत गए हैं। चार सीटों पर जीत तो पहले से ही तय थी। लेकिन, पांचवीं सीट पर महागठबंधन के उम्मीदवार अमरेंद्र धारी सिंह से एनडीए के उम्मीदवार शिवेश राम का मुकाबला हुआ। एनडीए के सभी 202 विधायकों ने वोट किया। लेकिन, महागठबंधन की ओर से चार विधायक विधानसभा नहीं पहुंचे। जिसमें कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक शामिल है। मतगणना के बाद एनडीए के सभी उम्मीदवारों की जीत की घोषणा कर दी गई।
बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव में क्रॉस वोटिंग के चलते राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने 9 सीटों पर जीत दर्ज की। बिहार में हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद राज्यसभा की पांचों सीटों एनडीए ने क्लीन स्वीप किया। ओडिशा में भाजपा ने तीन सीटें जीतीं, तो एक बीजद के खाते में गई। हरियाणा में एक सीट पर भाजपा और एक पर कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। बिहार में कांग्रेस के तीन और राजद के एक विधायक के मतदान से दूरी बनाने के बाद एनडीए के चार उम्मीदवार सीएम नीतीश कुमार, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, आरएलएम मुखिया उपेंद्र कुशवाहा और केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर प्रथम वरीयता के मत के आधार पर जीत गए। पांचवें प्रत्याशी शिवेश राम ने द्वितीय वरीयता के मत में बढ़त के आधार पर जीत हासिल कर ली। बिहार में नीतीश और नितिन को जीत के लिए आवश्यक प्रथम वरीयता के 41 मतों की तुलना में 44-44, ठाकुर व कुशवाहा को 42-42 मत मिले।
