• July 17, 2026

जयपुर-किशनगढ़ हाईवे होगा 6-लेन, महाराष्ट्र के कागल में बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर: गडकरी

 जयपुर-किशनगढ़ हाईवे होगा 6-लेन, महाराष्ट्र के कागल में बनेगा एलिवेटेड कॉरिडोर: गडकरी
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख राजमार्गों में शामिल नेशनल हाईवे-48 को और आधुनिक व सुरक्षित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जानकारी दी कि राजस्थान के जयपुर-किशनगढ़ मार्ग के 6-लेन उन्नयन और महाराष्ट्र के कागल में एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी दी है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “राजस्थान के जयपुर और अजमेर जिलों में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के जयपुर-किशनगढ़ (लंबाई 89.785 किमी) खंड के फ्लाईओवर और सर्विस रोड के निर्माण सहित 6-लेन उन्नयन के लिए 910.90 करोड़ रुपए की लागत के साथ स्वीकृति दी गई है।”
उन्होंने पोस्ट में आगे लिखा, “इस कॉरिडोर को आंशिक रूप से एक्सेस कंट्रोल्ड राजमार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे वाहनों की औसत गति बढ़ाने और यात्रा समय को मौजूदा 2 घंटे से लगभग 1 घंटे कम करने में मदद मिलेगी। स्थानीय यातायात का पृथक्करण, दोनों ओर सर्विस रोड और फ्लाईओवर का प्रावधान सुरक्षा बढ़ाने में भी सहायक होगा। दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली मृत्यु की संख्या को कम करने के लिए इस खंड पर मौजूदा टकराव बिंदुओं का भी समाधान किया जाएगा।” नितिन गडकरी ने एक अन्य पोस्ट में बताया, “महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के कागल शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर दोनों ओर 3-लेन कंक्रीट सर्विस रोड के साथ 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए 357.99 करोड़ रुपए की लागत से मंजूरी दी गई है।”