कभी एक मिस कॉल पर गैस की बुकिंग, अब 40 बार करना पड़ रहा कॉल; केवाईसी भी रोड़ा

 कभी एक मिस कॉल पर गैस की बुकिंग, अब 40 बार करना पड़ रहा कॉल; केवाईसी भी रोड़ा
गाजियाबाद। जिले में घरेलू गैस सिलिंडर संकट के बीच गैस एजेंसियों पर लोगों की भारी भीड़ पहुंच रही है। गैस की बुकिंग पहले एक मिस कॉल पर होती थी, लेकिन अब 40 कॉल करना पड़ रहा है।
रसोई गैस संकट के बीच गैस आपूर्ति कंपनियों का सर्वर जाम हो गया है। इससे गैस बुक करने में परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि मिस कॉल पर जहां रसोई गैस बुक हो जा रही थी। वहीं अब 40 बार कॉल करने के बाद ही गैस बुक हो पा रही है। वहीं दूसरी तरफ केवाईसी कराने में लोगों को परेशानी हो रही है।
बंद होने के कगार पर कई होटल-रेस्टोरेंट
ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर की मांग बढ़ी है। स्थिति यह है कि कॉमर्शियल की आपूर्ति बंद होने के कारण होटल, ढाबा और मिठाई दुकानदारों का दबाव भी घरेलू सिलेंडर की तरफ बढ़ गया है। सिलेंडर आपूर्ति कंपनियों ने रसोई गैस बुकिंग की तिथि 25 दिन बाद कर दी है। वहीं बिना ओटीपी के सिलेंडर आपूर्ति नहीं की जा रही है।
जिले में 95 गैस एजेंसियां
जिले में भारत गैस, इंडियन ऑयल और एचपी की कुल 95 गैस एजेंसियां हैं। यहां से लगभग 12 लाख उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति होती है। उधर, युद्ध का असर तेल और गैस आपूर्ति पर पड़ रहा है। एलपीजी आपूर्ति कर्ता कंपनियों ने 25 दिन बाद ही सिलिंडर बुकिग की घोषणा कर दी है। इससे लोग गैस बुक कराने के लिए एजेंसियों पर उमड़ पड़े। अचानक दबाव बढ़ने से सर्वर फेल हो गया है। ऐसे में लोग गैस बुक कराने के लिए परेशान हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि गाजियाबाद के करीब 12 लाख एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए प्रतिदिन लगभग बीस हजार गैस सिलेंडर रिफिल कराए जाते हैं। जिले की सभी गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 25 हजार घरेलू गैस सिलेंडर रिफिल करने का स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति भी जारी है।
वहीं लोगों का कहना है कि पहले इंडेन एजेंसी पर कंपनी के मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर मिस काल होते ही गैस बुक हो जा रही थी लेकिन पिछले पांच दिनों से कॉल हो ही नहीं रहा है। जब एजेंसी पर पहुंचा तो बताया गया कि लगातार काल करते रहिए। 40 से 45 बार काल करने पर भी बुक नहीं हो रहा है।
सिलिंडर तो बुक हुआ लेकिन अब तक कब डिलीवरी होगी पता नहीं। एजेंसी पर पहुंचने पर बताया जाता है कि 48 घंटे के भीतर ओटीपी आएगी। इसके बाद बताया जाएगा कि कब सिलिंडर मिलेगा।