ईरान के खार्ग द्वीप पर धमाकों के बाद उठता दिखा घना धुआं

 ईरान के खार्ग द्वीप पर धमाकों के बाद उठता दिखा घना धुआं
तेहरान। ईरान के खार्ग द्वीप से घना धुआं उठने की खबर सामने आई है। हालांकि ईरानी मीडिया का कहना है कि वहां की सैन्य व्यवस्था अब भी पूरी तरह सक्रिय है और किसी बड़े सैन्य ठिकाने को नुकसान नहीं हुआ है।ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी के अनुसार, फारस की खाड़ी में स्थित खार्ग द्वीप पर हमलों के बाद आसमान में घना धुआं देखा गया। रिपोर्ट में कहा गया कि हमले के दौरान द्वीप पर 15 से ज्यादा धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
रिपोर्ट के मुताबिक हमलों के करीब एक घंटे के अंदर ही द्वीप की सुरक्षा और रक्षा प्रणाली दोबारा सक्रिय हो गई। ईरानी मीडिया का कहना है कि इससे अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस दावे पर सवाल खड़े होते हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि अमेरिकी हमलों में द्वीप के सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। स्थानीय सूत्रों के हवाले से यह भी बताया गया कि इन हमलों में तेल से जुड़ी किसी भी महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल ईरानी सेना की गतिविधियां वहां सामान्य रूप से जारी बताई जा रही हैं और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के भीषण हमलों से दहक रहा ईरान भी जोरदार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन की गरज के बीच यह संघर्ष अब पंद्रहवें दिन में प्रवेश कर चुका है। होमुर्ज में जहाजों पर हमले जारी है। पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप का युद्ध को लेकर सख्त रवैया और खाड़ी देशों में बढ़ता संघर्ष, वैश्विक राजनीति के लिया बड़ा संकट साबित होता दिख रहा है।