सीएम नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत सहरसा को दी विकास की बड़ी सौगात

 सीएम नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के तहत सहरसा को दी विकास की बड़ी सौगात
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी समृद्धि यात्रा के तहत शुक्रवार को सहरसा पहुंचे। मधेपुरा से हेलीकॉप्टर के जरिए सहरसा हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सीएम ने जिलेवासियों को विकास की बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुल 512 करोड़ रुपये की लागत वाली 125 विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन और कार्यारंभ किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने सीएम के आगमन को लेकर पूरे जिले में हाई अलर्ट मोड रखा।
सीएम का काफिला सबसे पहले शाहपुर पहुंचा, जहां उन्होंने जीविका सिलाई केंद्र का निरीक्षण किया। इसके बाद बंगाली बाजार में निर्माणाधीन आरओबी कार्य का जायजा लिया। मुख्य कार्यक्रम सहरसा स्टेडियम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जब कुछ जीविका दीदियां उठकर जाने लगीं, तो मुख्यमंत्री ने मंच से ही टोकते हुए कहा, “भाग नहीं ना रहे हैं, रहिए चुपचाप। कहां जा रही है रे… पहले वाला कोई काम किया था? अब हम बता रहे हैं कि काम हो रहे हैं।” सीएम का यह अंदाज लोगों में हंसने-हंसाने का माहौल भी बना रहा।