लड़ाई के बीच कतर और दोहा में फंसे हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाला
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी अस्थिरता और संघर्ष के कारण, कतर में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भारत सरकार द्वारा लगातार कोशिशें की जा रही हैं। पिछले तीन दिनों में, दोहा में फंसे 1,000 से अधिक भारतीय नागरिकों को सुरक्षित रूप से भारत वापस लाया गया है। यह जानकारी दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को दी। कतर एयरवेज ने सोमवार को दोहा-नई दिल्ली फ्लाइट संचालित की, जिससे दोहा में फंसे 300 से ज्यादा भारतीय यात्री नई दिल्ली पहुंचे।
दूतावास ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में बताया, ‘हम फ्लाइट चलाने और दोहा में भारतीय दूतावास के साथ सहयोग करने के लिए कतर एयरवेज को धन्यवाद देते हैं। कुल मिलाकर, पिछले तीन दिनों में ट्रांजिट या शॉर्ट-टर्म विजिट पर दोहा में फंसे करीब 1,000 भारतीय कतर एयरवेज की फ्लाइट से रवाना हुए हैं। हम कतर एयरवेज के खास तौर पर शुक्रगुजार हैं कि उन्होंने एक भारतीय नागरिक के शव (प्राकृतिक कारणों से मौत) को वापस लाने और मानवीय आधार पर संबंधित परिवार की यात्रा में मदद की। हम संबंधित परिवार की मदद के लिए भारतीय समुदाय के वॉलंटियर्स को भी धन्यवाद देते हैं।’
