नेपाल के आम चुनाव में 6500 से अधिक प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद

 नेपाल के आम चुनाव में 6500 से अधिक प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में कैद
काठमांडू। काठमांडू घाटी में दोपहर तीन बजे तक पंजीकृत मतदाताओं में से आधे से ज्यादा लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। देशभर में प्रतिनिधि सभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। नेपाल निर्वाचन आयोग के अनुसार, काठमांडू घाटी की 15 सीटों में कुल 11,85,374 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से दोपहर 3 बजे तक 6,24,934 लोगों ने वोट डाले, जो करीब 51 प्रतिशत मतदान है।
दोपहर तक आए प्रांतीय आंकड़ों में देशभर में मतदान की अलग-अलग स्थिति सामने आई। कोशी प्रांत में सबसे ज्यादा 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां 35,74,310 पंजीकृत मतदाताओं में से 13,59,816 लोगों ने वोट डाले। मधेश प्रांत में 36,36,414 पंजीकृत मतदाताओं में से 10,97,570 लोगों ने मतदान किया, जो करीब 54 प्रतिशत है। बागमती प्रांत में 24,96,936 मतदाताओं में से 10,55,924 लोगों ने वोट डाले। यहां मतदान करीब 53 प्रतिशत रहा।
गंडकी प्रांत में 18,70,065 मतदाताओं में से 8,57,459 लोगों ने मतदान किया, जो लगभग 41 प्रतिशत है। लुम्बिनी प्रांत में दोपहर 3 बजे तक 33,86,680 पंजीकृत मतदाताओं में से 13,67,966 लोगों ने वोट डाले। यहां मतदान करीब 38 प्रतिशत रहा। कर्णाली प्रांत में 10,37,250 मतदाताओं में से 4,44,493 लोगों ने मतदान किया, जो करीब 42 प्रतिशत है। सुदूरपश्चिम प्रांत में 17,16,660 पंजीकृत मतदाताओं में से 6,06,239 लोगों ने वोट डाले, जो लगभग 43 प्रतिशत है। चुनाव आयुक्त सगुन शुमशेर राणा ने स्थानीय मीडिया से कहा कि देशभर में मतदान शांतिपूर्वक हो रहा है और कुछ जगहों पर मामूली घटनाओं को छोड़कर कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई है। नेपाल के करीब 1.89 करोड़ मतदाता प्रतिनिधि सभा की 275 सीटों के लिए वोट डाल रहे हैं। इनमें से 165 सदस्य प्रत्यक्ष मतदान यानी फर्स्ट पास्ट द पोस्ट प्रणाली से चुने जाएंगे, जबकि 110 सदस्य आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली से चुने जाएंगे। प्रत्यक्ष चुनाव के तहत 165 सीटों के लिए करीब 3400 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि आनुपातिक प्रणाली की 110 सीटों के लिए 3135 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।