खामेनेई के अंतिम विदाई की तैयारी तेहरान में, परमाणु केंद्र को निशाना बनाने की धमकी
तेहरान। पश्चिम एशिया मे जारी जंग के बीच अमेरिका-इस्राइल हमले में मारे गए अयातुल्ला खामेनेई के अंतिम विदाई की तैयारी तेहरान में चल रही है। इस बीच ईरान ने इस्राइल के परमाणु केंद्र को निशाना बनाने की धमकी दी है। वहीं, आईआरजीसी ने मिसाइल हमलों से इस्राइल के रडार सिस्टम को तबाह करने और एयरपोर्ट पर हमले का दावा किया है।
अमेरिका-इस्राइल के हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई के निधन के बाद देश में शोक की लहर दौड़ गई है। सरकारी मीडिया ने जानकारी दी है कि मरहूम अयातुल्ला सैय्यद अली खामेनेई के शव को तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में रखने की तैयारी चल रही है। ग्रैंड मोसल्ला एक बड़ा प्रार्थना स्थल है, जिसका इस्तेमाल शहर के सबसे खास सरकारी और धार्मिक आयोजनों के लिए होता है। यह मरहूम सुप्रीम लीडर के लिए आयोजित तीन दिन के विदाई समारोह का हिस्सा है। मोसल्ला में हजारों शोक मनाने वालों के इकट्ठा होने की उम्मीद है। इस विदाई समारोह के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ईरान ने गुरुवार को इस्राइल की डिमोना परमाणु स्थल को निशाना बनाने की धमकी दी है। ईरान ने कहा कि अगर इस्राइल और अमेरिका ने उसकी सरकार को गिराने की कोशिश की, तो वह इस परमाणु केंद्र को निशाना बनाएंगे। यह धमकी इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज के बयान के बाद आई है। काट्ज ने कहा था कि ईरान की सरकार जो भी नया नेता लाएगी, वह इस्राइल के लिए एक टारगेट होगा।
