कांग्रेस ने तेज की केरल विधानसभा चुनाव की तैयारी, मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारने की तैयारी

 कांग्रेस ने तेज की केरल विधानसभा चुनाव की तैयारी, मौजूदा विधायकों को मैदान में उतारने की तैयारी
नई दिल्ली। केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस 22 में से 20 मौजूदा विधायकों को फिर से चुनाव मैदान में उतारने वाली है। विपक्ष के नेता वीडी सतीशन और केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ रविवार को उम्मीदवारों की पहली सूची कोअंतिम रूप देने के लिए रविवार को नई दिल्ली के लिए रवाना होने वाले हैं।सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय नेतृत्व से चर्चा के बाद जल्द ही पहली सूची जारी होगी। जारी होने वाली प्रारंभिक सूची में अधिकतर मौजूदा विधायक शामिल होने की उम्मीद है, जो राज्य इकाई के भीतर निरंतरता और संगठनात्मक स्थिरता का संकेत है। पहली सूची में 20 मौजूदा विधायक और उन निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवार शामिल होंगे, जहां केवल एक ही उम्मीदवार है, जिसे राष्ट्रीय नेतृत्व का समर्थन प्राप्त है।
सूची में दो मौजूदा विधायकों के शामिल होने की संभावना नहीं है। छह बार के विधायक के. बाबू ने पार्टी हाई कमांड को सूचित किया है कि वे दोबारा चुनाव नहीं लड़ना चाहते। दूसरे निष्कासित विधायक राहुल ममकूटथिल हैं, जिनके खिलाफ दुष्कर्म के तीन अलग-अलग मामले दर्ज हैं। उन्हें एक मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।
140 सदस्यीय केरल विधानसभा के 2021 के चुनावों में कांग्रेस ने 95 सीटों पर चुनाव लड़ा था और शेष सीटें अपने सहयोगी दलों, यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) को आवंटित की थीं। इस बार भी इसी तरह की सीट-बंटवारे की उम्मीद है। हालांकि सहयोगियों के साथ औपचारिक बातचीत अभी जारी है। दिल्ली में हो रही ये बातचीत महत्वपूर्ण है, क्योंकि राज्य में चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच कांग्रेस एकता और दृढ़ता का प्रदर्शन करना चाहती है।