इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को सुपर आठ मुकाबले में हराकर बदले ग्रुप के समीकरण

 इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को सुपर आठ मुकाबले में हराकर बदले ग्रुप के समीकरण
नई दिल्ली। इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप के सुपर आठ मुकाबले में हराकर ग्रुप-2 का समीकरण बदल दिया है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 159 रन बनाए। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने 19.3 ओवर में छह विकेट पर 161 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। इंग्लैंड ने इस तरह चार विकेट से मैच जीता। इंग्लैंड की टीम पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी है और उसने सुपर आठ में अपने सभी तीन मैच जीते हैं।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन ने पहले आठ गेंदों में ही फिल सॉल्ट और जोस बटलर को आउट कर इंग्लैंड को दो रन पर दो झटके दे दिए। इसके बाद कप्तान हैरी ब्रूक (26) ने पारी को संभाला और जैकब बेथेल (21) के साथ 45 रनों की साझेदारी की। लेकिन ग्लेन फिलिप्स ने पहले गेंद पर ब्रूक को आउट किया और फिर शानदार कैच लेकर बेथेल को भी पवेलियन भेज दिया। इससे इंग्लैंड दबाव में आ गया।मध्यक्रम में सैम करन (24) और टॉम बैंटन (33) ने 42 रनों की अहम साझेदारी की। रचिन रवींद्र ने करन को आउट कर मैच में फिर से संतुलन बनाया। आखिरी तीन ओवरों में इंग्लैंड को 43 रन की जरूरत थी। रेहान अहमद ने सात गेंदों में नाबाद 19 रन की तेज पारी खेली, जिसमें एक चौका और एक छक्का शामिल था। मिचेल सैंटनर के ओवर में 16 रन और ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन आने से मैच इंग्लैंड की ओर झुक गया। अंतिम ओवर में मैट हेनरी लक्ष्य का बचाव नहीं कर सके और इंग्लैंड ने टी20 विश्व कप में लगातार पांचवां मुकाबला जीता।
स्पिनरों के जाल में उलझे कीवी बल्लेबाज
इससे पहले, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कीवी टीम की शुरुआत अच्छी रही और टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 64 रन जोड़े। सीफर्ट ने 25 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के की मदद से 35 रन बनाए। वहीं, फिन एलेन ने 19 गेंदों में 29 रनों का योगदान दिया। हालांकि, अच्छी शुरुआत के बाद कीवी बल्लेबाज स्पिनरों के जाल में उलझ गए।