ई-कॉमर्स अमेजन ने अपने नए अत्याधुनिक कॉर्पोरेट कार्यालय का उद्घाटन किया

 ई-कॉमर्स अमेजन ने अपने नए अत्याधुनिक कॉर्पोरेट कार्यालय का उद्घाटन किया
नई दिल्ली। सिलिकॉन वैली’ कहे जाने वाले बंगलूरू में ई-कॉमर्स दिग्गज अमेजन ने अपने नए और अत्याधुनिक कॉर्पोरेट कार्यालय का उद्घाटन किया है। यह एशिया में कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा कार्यालय है। इस रणनीतिक कदम को भारत के तकनीकी और ई-कॉमर्स पारिस्थितिकी तंत्र के लिए एक बड़े बूस्टर के रूप में देखा जा रहा है, जो स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ हजारों नई नौकरियां पैदा करेगा।
रोजगार के नए अवसर
कर्नाटक के बड़े और मध्यम उद्योग मंत्री एमबी पाटिल ने सोमवार को येलहंका के पास 11 लाख वर्ग फुट में फैले इस नए कार्यालय का उद्घाटन किया। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 15 किलोमीटर दूर पांच एकड़ में बना यह 12 मंजिला कैंपस 7,000 से अधिक कर्मचारियों को अपनी सेवाएं देने में सक्षम बनाएगा। यहां मुख्य रूप से ई-कॉमर्स, ऑपरेशंस, पेमेंट्स, टेक्नोलॉजी और सेलर सर्विसेज से जुड़े कामकाज संचालित होंगे।
35 अरब डॉलर का निवेश
मंत्री पाटिल ने बताया कि यह राज्य में अमेजन का 10वां कॉर्पोरेट कार्यालय है, जो कंपनी के कर्नाटक के साथ दो दशक पुराने संबंधों को और मजबूत करता है। अमेज़न ने अगले चार वर्षों में भारत में 35 अरब डॉलर का भारी-भरकम निवेश करने की महत्वाकांक्षी योजना बनाई है।
इस निवेश से 1.5 करोड़ छोटे व्यवसायों को मदद मिलने और लाखों लोगों को रोजगार के मौके मिलने की उम्मीद है। मंत्री ने भरोसा जताया कि निवेश का एक बड़ा हिस्सा कर्नाटक को प्राप्त होगा। अमेजन इंडिया के कंट्री मैनेजर समीर कुमार ने बताया, “भारत अमेजन के लिए एक दीर्घकालिक प्राथमिकता बना हुआ है और बंगलूरू इस यात्रा में एक प्रमुख भूमिका निभाता है। आज भी यह शहर नवाचार (इनोवेशन) और प्रतिभा के लिए एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है”।