• July 17, 2026

ऐतिहासिक उपलब्धि: एचपीसीएल को एक साथ 8 क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कार, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का सम्मान

 ऐतिहासिक उपलब्धि: एचपीसीएल को एक साथ 8 क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कार, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का सम्मान

त्रिपुरा -हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए त्रिपुरा में आयोजित पूर्व, पूर्वोत्तर एवं उत्तरी क्षेत्रों के संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन में एक साथ 8 क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कार प्राप्त कर गौरवपूर्ण इतिहास रचा। यह उपलब्धि न केवल संगठन के लिए सम्मान का विषय है, बल्कि राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति उसकी दृढ़ प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त प्रमाण भी है।
गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार के करकमलों से, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, त्रिपुरा की सांसद कृति देवी देबबर्मा एवं सचिव (राजभाषा) अंशुली आर्या की गरिमामयी उपस्थिति में एचपीसीएल के आठ प्रतिष्ठित कार्यालयों को वर्ष 2024–25 के लिए क्षेत्रीय राजभाषा पुरस्कारों से अलंकृत किया गया। यह क्षण संगठन के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक रहा।

 

पुरस्कार प्राप्त करने वाले कार्यालयों में पूर्वी अंचल, पूर्व मध्यांचल, उत्तरी अंचल, पटना रिटेल, गुवाहाटी रिटेल, जलंधर रिटेल, रांची क्षेत्रीय कार्यालय तथा पांपोर एलपीजी शामिल हैं। इन सभी इकाइयों ने राजभाषा के प्रभावी उपयोग, नवाचारपूर्ण पहलों और सुदृढ़ कार्य-संस्कृति के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यह सम्मान अर्जित किया है।
सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित राजभाषा प्रदर्शनी में मंत्री द्वारा एचपीसीएल स्टॉल का अवलोकन संगठन के लिए विशेष गौरव और प्रेरणा का विषय रहा। यह उपलब्धि एचपीसीएल के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के समर्पण, परिश्रम और प्रतिबद्धता का उज्ज्वल प्रमाण है।
राजभाषा के क्षेत्र में एचपीसीएल की यह स्वर्णिम सफलता संगठन की गौरवशाली यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करती है तथा हिंदी के संवर्धन और प्रसार के प्रति उसकी सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।