प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से की मुलाकात
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद हाउस में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक की। भारत और ब्राजील ने साल 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 15.21 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है। इसमें 25% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। इसमें भारत का निर्यात 8.35 अरब डॉलर और ब्राजील से आयात 6.85 अरब डॉलर रहा। वहीं ब्राजील में भारतीय निवेश 15 अरब डॉलर से ज्यादा रहा।लूला दा सिल्वा ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार सिर्फ 15 अरब डॉलर है, जिसे 30-40 अरब तक बढ़ाना चाहिए। वे 260 ब्राजीलियाई व्यवसायियों के साथ आए हैं ताकि अंतरिक्ष, रक्षा, फार्मा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी हो। वहीं ब्राजील की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी एम्ब्रेयर भारत में प्लांट भी खोलेगी। इससे पहले राष्ट्रपति भवन में ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने-अपने देशों के मंत्रियों और प्रतिनिधिमंडल से एक-दूसरे का परिचय कराया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे।
