गृहमंत्री के खिलाफ टिप्पणी मामले में बयान दर्ज कराने कोर्ट में पेश हुए राहुल गांधी
लखनऊ। कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में अपना बयान दर्ज कराने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच लखनऊ हवाई अड्डे पर उतरे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद राहुल गांधी सुल्तानपुर जिला न्यायालय के लिए रवाना हो गए। पार्टी नेताओं के अनुसार, राहुल गांधी के सुबह करीब 10:50 बजे सिविल कोर्ट पहुंचना है। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि उन्हें सुल्तानपुर अदालत जाना है।
आज तारीख है और वे खुद अदालत में पेश होंगे। उन्होंने जानकारी दी कि पार्टी कार्यकर्ताओं समेत कई लोग आ रहे हैं और उनसे मिलेंगे। वहीं, कांग्रेस नेता अखिलेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी सुल्तानपुर अदालत में एक मामले में पेश होंगे और कार्यवाही में भाग लेंगे। इसके बाद वे लखनऊ लौटेंगे और फिर दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। बता दें कि राहुल गांधी की यह पेशी तब हुई, जब वे 19 जनवरी को सुल्तानपुर स्थित एमएलए-एमपी कोर्ट में पिछली सुनवाई में उपस्थित नहीं हुए थे, जिसके चलते अदालत ने अगली सुनवाई की तारीख 20 फरवरी तय की थी। मानहानि का यह मामला अक्टूबर 2018 में सुल्तानपुर जिले के कोतवाली देहात के हनुमानगंज क्षेत्र से भाजपा के स्थानीय सदस्य विजय मिश्रा ने दायर किया था। विजय मिश्रा ने आरोप लगाया कि अगस्त 2018 में कर्नाटक में चुनाव प्रचार के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की थी।
