सीबीआई कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला
हैदराबाद। हैदराबाद के नामपल्ली स्थित सीबीआई कोर्ट को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। जिससे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। ईमेल में दावा किया गया कि कोर्ट में ‘12 आरडीएक्स बम’ लगाए गए हैं। जो दोपहर 12:05 बजे विस्फोट करेंगे। सूचना मिलते ही अधिकारियों ने पुलिस को अलर्ट किया और एहतियातन कोर्ट भवन खाली करा लिया। न्यायाधीशों, कर्मचारियों, वकीलों और वादियों को तुरंत बाहर निकाला गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने पूरे परिसर की गहन तलाशी ली। पुलिस ने बताया कि तलाशी अभियान मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत चलाया गया, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। तीन दिनों में यह दूसरी बार है जब सीबीआई कोर्ट को धमकी मिली है। इससे पहले बुधवार को भी इसी तरह का ईमेल आया था, जो जांच में फर्जी निकला। उसी दिन तेलंगाना के करीमनगर और आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी जिला न्यायालयों को भी धमकी भरे ईमेल भेजे गए थे। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर ईमेल के स्रोत का पता लगाने की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका है कि सभी ईमेल एक ही स्रोत से भेजे गए हैं।
