पाकिस्तान में सिलेंडर धमाके से गिरी इमारत; 16 की मौत

 पाकिस्तान में सिलेंडर धमाके से गिरी इमारत; 16 की मौत

कराची। पाकिस्तान के कराची में गुरुवार को एक बड़े हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कराची के एक रिहायशी इलाके में हुआ, जहां एक इमारत में स्थित घर में सिलेंडर में धमाका हो गया। धमाके असर से पूरी इमारत गिर गई, जिसके मलबे में दबकर कई लोगों की मौत हो गई।

पाकिस्तान के कराची में एक बड़ा हादसा हुआ है। दरअसल सिलेंडर धमाके के चलते कराची में एक रिहायशी इमारत गिर गई। इसके मलबे में दबकर 16 लोगों की मौत हो गई है। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। स्थानीय मीडिया ने पुलिस और स्थानीय बचाव दल के हवाले से यह जानकारी दी है। घटना कराची के सोल्जर बाजार के गुल राणा कॉलोनी इलाके स्थित एक घर में हुई।

सुबह 4 बजे हुआ हादसा

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह धमाका गैस सिलेंडर लीक की वजह से हुआ था। यह घटना सुबह करीब 4:15 बजे, सहरी के समय हुई और गैस धमाका बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर हुआ। आपात सेवा ने मलबे से कई लोगों को बचाया है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। हादसे में छह महिलाओं और 4 बच्चों समेत कुल 16 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। हादसे में 14 लोग घायल हैं।

तलाशी और बचाव ऑपरेशन जारी है। भीड़भाड़ वाला इलाका होने की वजह से प्रशासन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इमारत के काफी छोटे कमरे होने की वजह से बचाव दल को काफी परेशानियां उठानी पड़ीं।

अधिकारियों का कहना है कि यह वैध बिल्डिंग नहीं थी, और अलग-अलग कमरों को जोड़ कर इमारत खड़ी कर दी गई थी। इसके पास मौजूद अन्य घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने भी इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी है।