लॉरेंस गैंग का कबूतर गिरफ्तार, सिद्धू मूसेवाला के घर की रेकी की

 लॉरेंस गैंग का कबूतर गिरफ्तार, सिद्धू मूसेवाला के घर की रेकी की
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कुख्यात बदमाश बॉबी कबूतर को गिरफ्तार किया है। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के बड़े गैंगस्टर के रूप में पहचाने जाने वाले बॉबी कबूतर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और संगठित अपराधों सहित कई गंभीर आरोप हैं।
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या से पहले रेकी करने वाले कुख्यात बदमाश ‘बॉबी कबूतर’ को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। फरार चल रहे इस इनामी बदमाश के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं। बॉबी कबूतर दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या के कई मामलों में वांछित था, जिसमें मकोका और एनआईए के मामले भी शामिल हैं।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के बड़े गैंगस्टर के रूप में पहचाने जाने वाले बॉबी कबूतर का आपराधिक रिकॉर्ड काफी लंबा है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास और संगठित अपराधों सहित कई गंभीर आरोप हैं। हाल ही में नदीम ब्रदर्स की हत्या के मामले में इसी बदमाश द्वारा सबसे ज्यादा गोलियां चलाने की बात सामने आई थी। स्पेशल सेल ने दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर से इसकी गिरफ्तारी कर एक बड़ी कामयाबी हासिल की है।
जांच में पता चला है कि बॉबी कबूतर पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या से कुछ समय पहले वहां मौजूद था। उसने अपने साथी बदमाश शाहरुख के साथ मिलकर गायक की हत्या से पहले इलाके में रेकी की थी। इसी दौरान वह पुलिस की पकड़ से बचकर फरार हो गया था और तभी से वह कानून की नजरों से बचता फिर रहा था। उसकी गिरफ्तारी से सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड से जुड़े कई और अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।